कुंभ मेले के निर्माण कार्यों में अनियमितता और पार्षदों को जानकारी नहीं देने का आरोप लगाते हुए भाजपा पार्षदों ने लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और कुंभ मेला विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। उनका आरोप है कि मुख्य सड़क किनारे आखिर क्या बनाया जा रहा है, इसकी स्पष्ट जानकारी न तो पार्षदों को दी जा रही है और न ही मौके पर कोई विभागीय अधिकारी मौजूद है। ठेकेदार के कर्मचारी ही काम कर रहे हैं और पूछने पर भी कार्य की पूरी जानकारी नहीं दे रहे हैं। पार्षद भूपेंद्र कुमार और सचिन अग्रवाल ने आरोप लगाया कि जनता के पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
रामकृष्ण मिशन अस्पताल के सामने पहले से नाला बना है, इसके बावजूद नाले से करीब एक फीट बाहर तक ईंट और टाइल लगाई जा रही हैं। कुछ समय पहले नगर निगम की ओर से लगाई गई लोहे की रेलिंग भी उखाड़ दी गई। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर सड़क की जरूरत है, वहां सड़क नहीं बनाई जा रही है, जबकि क्षतिग्रस्त सड़क से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बनाए जा रहे फुटपाथ में हैंडपंप, पेड़ और बिजली के खंभे बीच में ही हैं। इन्हें हटाने की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में हादसा होने पर जिम्मेदारी किसकी होगी, यह भी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किए जा रहे हैं। कुंभ कार्यों के नाम पर अनियमितता हो रही है और इससे सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। पार्षद शुभम मंडोला और प्रशांत सैनी ने कहा कि नाले के आगे ईंट और टाइल लगाकर उसे ढक दिया गया है। ऐसे में भविष्य में नाले की सफाई कैसे होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी पार्षदों के फोन नहीं उठाते और न ही मौके पर पहुंचकर स्थिति देखते हैं। जनता की समस्याओं का जवाब पार्षदों को देना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अधिकारियों का यही रवैया रहा तो संबंधित कार्यालयों पर ताला लगाने का कदम उठाया जाएगा।

More Stories
जनपद की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के आदेश
जिला कार्यालय सभागार में एनपीएस से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई
गांधी जयंती पर नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया