दिल्ली में पांच मंजिला इमारत गिरने से 6 छात्रों की मौत हुई

दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर पीजी के तौर पर इस्तेमाल की जा रही पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे में 6 छात्रों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.इमारत गिरने के बाद सत्य निकेतन में देर रात तक मलबा हटाने और उसमें फंसे लोगों की तलाश का काम चलता रहा. बड़ी संख्या में छात्र और स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर मौजूद रहे. कई स्थानीय लोगों ने बचाव टीमों के साथ मिलकर मलबा हटाने में मदद की. वहीं, कुछ छात्र अपने दोस्तों और साथियों की जानकारी लेने के लिए वहां मौजूद रहे.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इमारत के अचानक गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि शुरुआत में उन्हें लगा कि कहीं कोई बड़ा धमाका हुआ है. इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. कुछ ही पलों में पूरा इलाका धूल के घने गुबार से भर गया और लोग सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे.

दिल्ली सरकार ने घटना की वजह और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच समिति बनाई है. कमेटी हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी और दोषियों की पहचान कर रिपोर्ट देगी. दूसरी ओर, पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल के खिलाफ FIR दायर करते हुए उसकी तलाश तेज कर दी है. पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

About Author