परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया

त्योहारों के मद्देनजर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए परिवहन विभाग ने रविवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान में ओवरलोडिंग करते पकड़े गए चार वाहनों को सीज कर दिया गया।इनमें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी शामिल है। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 25 वाहनों के चालान किए गए। एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जिले के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान ओवरलोडिंग, परमिट की शर्तों के उल्लंघन और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जमालपुर कलां क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

यहां निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे चार वाहनों को सीज किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, ओवरलोडिंग से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और दूसरे वाहन चालकों के साथ आमजन की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। अभियान के दौरान यात्री वाहनों की जांच में परमिट की निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने पर पांच बसों के चालान किए गए। बस संचालकों को नियमों का पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए ।

About Author