कुंभ मेला-2027 से पहले गंगा घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाने की मुहिम तेज हो गई है। शनिवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र में हजारों लोगों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।मेला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अभियान में भागीदारी की। मिश्री मठ की ओर से आयोजित गंगा सेवा कार्यक्रम के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
मेलाधिकारी सोनिका के नेतृत्व में मेला प्रशासन की टीम ने सफाई कार्य में हिस्सा लिया। मेलाधिकारी ने स्वयं संतों और मिश्री मठ के अनुयायियों के साथ श्रमदान किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकत्रित कूड़े-कचरे को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने और उसके निस्तारण में सहयोग किया।अभियान में नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती और उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित मेला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान मेलाधिकारी सोनिका ने नया उदासीन अखाड़ा के अध्यक्ष महंत धूनी दास और मिश्री मठ के मठाधिपति महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज से भेंट की। उन्होंने स्वच्छता अभियान आयोजित करने और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संतों और अनुयायियों का आभार जताया। मेलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। गंगा घाटों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। कुंभ में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में स्वच्छता को केवल प्रशासन तक सीमित न रखकर जनभागीदारी से जोड़ना जरूरी है।

More Stories
गंगा का जलस्तर बढ़ने से 35 श्रद्धालु फसे सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया
राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन रोशनाबाद में 16 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया
भारी बारिश के बीच अधिकारियों ने निर्माणधीन कुंभ कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया