कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी प्रमुख परियोजनाएं 15 दिसंबर तक पूरी करनी होंगी। शुक्रवार को सड़कों और पुलों के निर्माण व रखरखाव की समीक्षा बैठक में सचिव लोनिवि डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने एनएचएआई अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीसीआर सभागार में हुई बैठक में सचिव ने कुंभ के लिए महत्वपूर्ण सड़कों, पुलों, अनुरक्षण और गड्ढामुक्त अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने हरिद्वार और रुड़की की आंतरिक सड़कों के साथ प्रमुख संपर्क मार्गों को भी आवागमन के लिए सुगम बनाने के निर्देश दिए। हरिद्वार बाईपास, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर और एनएच-74 के हरिद्वार-नगीना सेक्शन के काम को युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्गों के प्रमुख चौराहों के सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। चंडी चौक के सुधार और सर्विस लेन के चौड़ीकरण का काम जल्द पूरा करने को कहा गया, ताकि निर्माणाधीन एडमिन रोड के काम में बाधा न आए। अधिकारियों को सभी कार्यों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर शासन, मेलाधिकारी और जिलाधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यों की नियमित समीक्षा और जरूरत के अनुसार स्थलीय निरीक्षण करने की बात कही। निर्माण कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की संबंधित विभागों से तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।

More Stories
मुख्यमंत्री स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत महिलाओं को ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा
आगामी कुंभ मेले की तैयारी को लेकर गंगनहर 20 अक्टूबर से 8 नवंबर तक बंद रहेगी
पुलिस ने पैदल गशत कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया