हरिद्वार डिपो की ये बसे नहीं जा पाएंगी दिल्ली

उत्तराखंड परिवहन निगम की हरिद्वार डिपो से दिल्ली रूट पर चलने वाली सात बसें अब दिल्ली नहीं जा पाएंगी। दिल्ली में प्रदूषण को देखते हुए वहां के परिवहन निगम ने पांच साल से ज्यादा पुरानी बसें दिल्ली न भेजने के लिए उत्तराखंड सरकार को पत्र लिखा था।इसके बाद हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली सात बसें 2017 से पहले की होने के कारण वहां नहीं जा सकेंगी।

हरिद्वार डिपो से दिल्ली रूट के लिए प्रतिदिन करीब 25 बसें संचालित होती हैं। इनमें से सात बसें 2017 से पहले हरिद्वार को मिली थी। अब इन बसों का संचालन दिल्ली रूट पर न होने से यात्रियों का दबाव बढ़ना तय है। हालांकि अभी तक हरिद्वार के अधिकारियों को इस बारे में निर्देश नहीं मिले हैं। जिससे अभी बसों का संचालन लगातार हो रहा है। लेकिन जल्द ही संचालन आदेश मिलने के बाद सातों बसों को दिल्ली रूट पर भेजने से रोका जा सकता है। उत्तराखंड परिवहन निगम हरिद्वार के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि मुख्यालय स्तर से जिस तरह के आदेश मिलेंगे और व्यवस्था बनाई जाएगी। उसी आधार पर संचालन किया जाएगा।

About Author