राहुल गांधी की रैली को लेकर कांग्रेसियों ने कसी कमर

आज देहरादून में प्रस्तावित राहुल गांधी की रैली की तैयारी के आखिरी दिन कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देहात क्षेत्र में लगातार दौरे कर लोगों को रैली की जानकारी दी। बाद में हरिद्वार नगरनिगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष संजय शर्मा ने लक्सर में बैठक कर लोगों को ले जाने के लिए लगाई गई गाड़ियों की व्यवस्था जांची।

गुरूवार को देहरादून में कांग्रेस की विजय सम्मान रैली होनी है। इसमें पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पहुंचेंगे। रैली की सफलता के लिए प्रदेश भर के कांग्रेसी तैयारी में लगे हैं। बुधवार को हरिद्वार नगरनिगम में नेता प्रतिपक्ष रहे पूर्व सभासद संजय शर्मा ने लक्सर के कांग्रेस नेता डॉ. उमादत्त शर्मा, संदीप बुटार, सोमपाल सैनी, अनीस, हरेंद्र सिंह, सुमित कुमार, राजू, ललित सैनी, विपिन कुमार, ओमप्रकाश अरोड़ा के साथ भिक्कमपुर, भोगपुर, फतवा, रायघटी, निरंजनपुर, डौसनी, बसेड़ी तथा सेठपुर गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव में नुक्कड़ सभाएं करके लोगों को रैली की जानकारी दी। कहा कि भाजपा देश के इतिहास और संविधान दोनों को बदलने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। देश के संविधान की मूल भावना को कायम रखने का काम सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। इसके लिए आमजन का कांग्रेस के साथ आना जरूरी है। बाद में उन्होंने लक्सर पहुंचकर लोगों को रैली में ले जाने के लिए लाई गई गाड़ियों की व्यवस्था परखी। उन्होंने बताया कि लक्सर नगर के अलावा रायघटी, पुरवाला व रणजीतपुर बाक्करपुर में चार बसें लगाई गई हैं। ये सुबह साढ़े आठ बजे कार्यकर्ताओं को लेकर रैली के लिए रवाना होंगी। दावा किया कि राहुल गांधी की रैली भीड़ के हिसाब से उत्तराखंड की ऐतिहासिक रैली होगी।

About Author