हरिद्वार। शहर में तीर्थ की मर्यादा भंग करने का मामला सामने आया है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में शराब के नशे में पहुंचे यूपी के चार युवकों ने जमकर हुड़दंग किया।आरोप है कि आरोपियों ने महिलाओं के साथ अभद्रता और राहगीरों से छेड़छाड़ भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार देर रात उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से चार युवक हरकी पैड़ी क्षेत्र में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सभी शराब के नशे में धुत थे और बाजार व गंगा घाट पर उत्पात मचा रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक राहगीरों और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे। इस दौरान उनके लड़खड़ाते हुए चलने और हुड़दंग करने का वीडियो भी लोगों ने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने युवकों को फटकार लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हरकी पैड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि एक युवक इतना नशे में था कि वह गंगा घाट से ठीक से बाहर भी नहीं निकल पा रहा था। तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों में सख्त निगरानी बढ़ाने की मांग की है। हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि राजीव, विपिन, कपिल शर्मा और विकास, निवासी खालसा, खेकड़ा बागपत यूपी को गिरफ्तार कर उनका चालान किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में हुड़दंग और अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
हरिद्वार पुलिस ने 10 दिन पूर्व हुई महिला हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया
हरिद्वार में लक्जरी बसों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया
कनखल क्षेत्र में बदमाशों ने व्यापारी से स्कूटी समेत नगद डेढ़ लाख रुपए की लूट की