यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ 50 से अधिक बसो के चालान हुए

यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर सड़कों पर दौड़ रहीं स्लीपर और लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार तड़के चार बजे से चलाए गए अभियान में 50 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि पांच बसों को सीज कर दिया गया।गंभीर तकनीकी और सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने पर पांच बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इसमें संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन भी शामिल रहे। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। कुछ बसों की स्वीकृत संरचना में अनधिकृत बदलाव किए गए थे। पर्यटक वाहनों के निर्धारित प्रयोजन से अलग इस्तेमाल और परमिट शर्तों के उल्लंघन के मामले भी जांच के दायरे में रहे। इसके अलावा आपातकालीन निकास व्यवस्था, जरूरी सुरक्षा उपकरणों, रिफ्लेक्टर, ध्वनि नियंत्रण मानकों और वाहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। कुछ मामलों में चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी अभिलेखों से जुड़ी कमियां भी मिलीं। कर संबंधी दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बसों की संरचना में बिना अनुमति बदलाव यात्रियों के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं। आग लगने या दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में निकास की उचित व्यवस्था नहीं होने से मुश्किल बढ़ सकती है। इसी को देखते हुए तकनीकी अधिकारी की मौजूदगी में बसों की संरचना और सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई। गंभीर खामियों वाली बसों के खिलाफ कार्रवाई के साथ फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति की गई है।

About Author