धर्मनगरी में मौसम ने ली करवट जगह-जगह जलभराव

हरिद्वार : धर्मनगरी और आसपास के क्षेत्रों में तड़के शुरू हुई बारिश शनिवार शाम तक रुक-रुक कर होती रही। करीब 24 एमएम बारिश से जगह-जगह जलभराव हुआ और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।वहीं तापमान में गिरावट आने से ठंड और ठिठुरन ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तरी हरिद्वार के कई इलाकों में बारिश के चलते विद्युत लाइनों में फाल्ट आने से जमालपुर कलां और आसपास के इलाकों में करीब नौ घंटे बिजली गायब रही। शनिवार तड़के तीन बजे गयी बिजली दोपहर 12 बजे के बाद आयी। हालांकि फसलों खासकर गेहूं के लिए बारिश फायदेमंद रही।

शुक्रवार शाम से ही धर्मनगरी के मौसम का मिजाज बदलने लगा था। शनिवार तड़के गरज के साथ शुरू हुई बारिश पूरे दिन होती रही। बारिश से ज्वालापुर चौहानान मेन रोड, अनाज मंडी, कनखल कृष्णा नगर, शहर से सटे जमालपुर कलां स्थित दयाल एन्क्लेव के समीप आदि स्थानों पर जलभराव, कीचड़ और फिसलन से खासी दिक्कतें रहीं। विद्युत आपूर्ति बाधित का असर जलापूर्ति पर भी पड़ा। पेयजल को लोग तरस गए। शहर डिवीजन अंतर्गत माडल कालोनी के पास ट्रांसफार्मर डैमेज होने से रानीपुर मोड़ और आसपास क्षेत्रों में घंटों बिजली गायब रही। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता वीएस पंवार ने बताया कि दोपहर बारह बजे के करीब ट्रांसफार्मर डैमेज हुआ था। जिसे बदलकर दोपहर तीन बजे आपूर्ति बहाल की गयी। बिजली गुल रहने से पेयजल की भी दिक्कत रही।

इधर बारिश से पारा करीब पांच डिग्री लुढ़क गया। शनिवार को शहर में अधिकतम 15.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 21.6 और 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पारा लुढ़कने से ठंड और ठिठुरन बढ़ गयी। ठंड से निजात पाने को लोग घरों में दुबके रहे। अलाव और हीटर का सहारा लेना पड़ा।

About Author