मिड-डे मील बनाते समय प्रेशर कुकर फटने से अफरा तफरी मची

आर्य कन्या इंटर कालेज में बुधवार मिड-डे मील बनाते समय प्रेशर कुकर फट गया। तेज धमाके से कालेज की छात्राएं और स्टाफ दहशत फैल गई। आसपास के इलाके में भी अफरातफरी मच गई।गनीमत रही कि इस दौरान खाना बना रही भोजन माता और छात्राएं रसोई से दूर थे, जिससे अप्रिय घटना टल गई।

आर्य कन्या इंटर कालेज की रसोई में बुधवार सुबह छात्राओं के लिए मिड-डे मील तैयार किया जा रहा था। प्रेशर कुकर में दाल पकाई जा रही थी। कुकर में अधिक दबाव बनने के कारण धमाके के साथ कुकर फट गया और ढक्कन काफी तेजी से उछलकर छत से टकराया। तेज धमाके की आवाज सुनते ही विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और कक्षाओं में मौजूद शिक्षक और छात्राएं घबरा गए।शुरुआत में लगा कि गैस सिलिंडर फट गया। शिक्षकों और विद्यालय के स्टाफ ने छात्राओं को सुरक्षित जगह पहुंचाया। इसके बाद रसोई में जाकर देखा तो गैस सिलिंडर सुरक्षित था। प्रेशर कुकर फटने से धमाका हुआ था। रसोई में चारों तरफ दाल फैली हुई थी।

इस पर विद्यालय प्रशासन ने राहत की सांस ली। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। विद्यालय की प्रधानाचार्या शारदा चौहान का कहना है कि अधिक प्रेशर के कारण कुकर का ढक्कन फट गया था। गनीमत रही कि उस समय भोजन कक्ष में कोई नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

About Author