परिवहन विभाग ने सोमवार को जनपद में संचालित लक्जरी एवं स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले 185 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं पर 16 वाहनों को सीज किया गया।
संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन ने बसों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच की। एआरएम रोडवेज विशाल कुमार की सहभागिता में बसों की संचालन व्यवस्था, संरचना, यात्री क्षमता और जरूरी अभिलेखों की भी पड़ताल की गई।जांच के दौरान कई वाहनों में अनधिकृत संरचनात्मक परिवर्तन, निर्धारित बस बॉडी कोड का उल्लंघन, क्षमता से अधिक यात्रियों का परिवहन और ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। इसके अलावा अन्य यातायात एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई। तकनीकी और सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले तीन वाहनों की फिटनेस निलंबित करने की संस्तुति की गई है।अभियान में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, मुकेश भारती, भारत भूषण और हरीश सती ने विभिन्न स्थानों पर बसों की जांच और प्रवर्तन कार्रवाई में सहयोग किया।

More Stories
नगर निगम परिसर में गंदगी से बुरा हाल
सड़क हादसे में महिला की मौत कार चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज
आश्रम संपत्ति विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आए