स्कूल छुट्टी के समय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया

हरिद्वार में गुरुवार को स्कूलों की छुट्टी के समय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। दोपहर एक से तीन बजे तक स्कूलों के आसपास पुलिस ने निगरानी बढ़ाने के साथ स्कूल वाहनों की सघन जांच की।गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में दोपहर करीब एक बजे से तीन बजे तक अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस बल ने स्कूलों के आसपास विशेष सतर्कता बरती। छुट्टी के समय छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस ने वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को परखा। इसके साथ ही स्कूलों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने या खड़े रहने वाले संदिग्ध और असामाजिक तत्वों की चेकिंग की गई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। स्कूलों के आसपास नियमित रूप से चेकिंग और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा ।

About Author