कुंभ मेला 2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु हितैषी बनाने की दिशा में मेला प्रशासन ने हरिद्वार के प्रमुख परिवहन केंद्रों के सुदृढ़ीकरण की कवायद तेज कर दी है।इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को हरिद्वार स्थित बस स्टेशन, उससे जुड़े मार्गों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं व प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने बस स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर देते हुए परिवहन निगम को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था विकसित करने, यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा आकस्मिक परिस्थितियों में निकासी योजना के तहत वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश भी दिए।मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेले को देखते हुए हरिद्वार बस अड्डे की आधारभूत संरचना को मजबूत करना और यात्री सुविधाओं का विस्तार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बस स्टेशन के सुदृढ़ीकरण एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए कुंभ मेला मद से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान बस स्टेशन परिसर में स्वच्छता, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सूचना प्रणाली और यात्री आवागमन को अधिक सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सहज और सुविधाजनक अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बस अड्डे के आसपास से अतिक्रमण हटाने तथा यात्रियों के सुरक्षित पैदल आवागमन के लिए अलग से गेट की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

More Stories
प्रधानमंत्री की अपील का असर जिलाधिकारी पैदल अपने घर से कार्यालय पहुंचे
सांसद नरेश बंसल ने रोशनाबाद पुलिस लाइन में व्यायामशाला का भूमि पूजन और शिलान्यास किया
जिलाधिकारी ने चंद्रभागी मत्स्य सेवा केंद्र में संचालित रंगीन मत्स्य पालन क्लस्टर का स्थलीय निरीक्षण किया