कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने सोमवार को नगर और आसपास के प्रमुख मार्गों व चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति परखते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता बरतने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होगी, इसलिए प्रमुख सड़कों और चौराहों को अतिक्रमणमुक्त रखना आवश्यक है। उन्होंने सड़कों, पुलों के किनारों और डिवाइडरों पर योजनाबद्ध पौधरोपण कर हरित पट्टी विकसित करने के निर्देश दिए। इससे हरिद्वार का सौंदर्य बढ़ेगा और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिलेगा।
मेलाधिकारी ने शिवालिक नगर चौक के सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार कर जल्द कार्य शुरू करने को कहा। उन्होंने यातायात प्रवाह, पैदल आवागमन और सौंदर्य को ध्यान में रखने के निर्देश दिए। इसके बाद भगत सिंह चौक क्षेत्र में सौंदर्यीकरण एवं फुटपाथ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने चौराहों को सुव्यवस्थित करने और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित सुविधाएं विकसित करने पर बल दिया।मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ के लिए तैयार की जा रही आधारभूत सुविधाओं का लाभ केवल मेला अवधि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में भी हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों को इसका लाभ मिलेगा। इसलिए सभी परियोजनाएं दूरगामी जरूरतों को ध्यान में रखकर गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ बनाई जाएं। उन्होंने विभागों को निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा और बाधाओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। कहा कि गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और कुंभ से जुड़े किसी कार्य में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं होगा।

More Stories
सीसीआर परिसर में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लाह से मनाया गया
गढ़वाल मंडल आयुक्त ने SIR प्रक्रिया का जायजा लिया
भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ बाबा रामदेव ने धरने पर बैठने की चेतावनी दी