कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत कुंभ मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बुधवार को देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपद में प्रस्तावित अस्थायी थानों, पुलिस लाइन, केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के शिविर और फायर स्टेशन के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कुंभ थाना श्यामपुर को आईडीपीएल के राम मंदिर मैदान और थाना ऋषिकेश को ट्रांजिट कैंप चारधाम, ऋषिकेश में स्थापित करने का निर्णय लिया गया। एसएसपी आयुष अग्रवाल ने त्रिवेणी घाट पहुंचकर सीसीटीवी सर्विलांस, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले के दौरान आवश्यक उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता के लिए समय रहते पत्राचार और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं।
टिहरी जनपद में उन्होंने प्रस्तावित कुंभ थाना चंद्रभागा, मुनि की रेती अस्थायी थाना और भद्रकाली पुलिस चौकी में स्वीकृत निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मुनि की रेती नाव घाट पर यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और स्थानीय पुलिस प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र में कुंभ के लिए स्वीकृत ट्रांजिट हॉस्टल की भूमि का भी निरीक्षण किया तथा अस्थायी थानों के लिए प्रस्तावित स्थानों की जानकारी ली।

More Stories
जिलाधिकारी ने लक्सर तहसील का औचक निरीक्षण किया
कावड़ मेले में जल संस्थान 54 ट्रैक्टर टैंकरों से पेयजल पूर्ति करेगा
जिला अस्पताल में डॉ. राजेश गुप्ता ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक का कार्यभार संभाला