आगामी कुंभ मेले के मद्देनज़र हरिद्वार में 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ

आगामी कुम्भ मेला की सुरक्षा, यातायात एवं आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सशस्त्र प्रशिक्षण केन्द्र, हरिद्वार में सोमवार शाम छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर अंशुमन ने कहा कि कुम्भ मेला विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है, जहां सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षित होना आवश्यक है।उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, आपदा और आपातकालीन स्थिति से निपटने, संचार प्रणाली, डिजिटल तकनीकों के उपयोग, जनसंपर्क, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार तथा सहायता संबंधी विषयों पर विशेषज्ञ प्रशिक्षण दिया जाएगा।प्रशिक्षण सत्रों का संचालन सेवानिवृत्त अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश देवली तथा सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल सहित अन्य विशेषज्ञ करेंगे।

About Author