बुद्ध पूर्णिमा पर हरकी पौड़ी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी

बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरिद्वार स्थित विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु सुबह से ही गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है और यह सिलसिला देर रात तक जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्नान और दर्शन में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बुद्ध पूर्णिमा के दिन गंगा नदी में स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है और व्यक्ति के सभी पापों का नाश होता है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र गंगा जल में भगवान विष्णु का विशेष सानिध्य होता है, जिससे इस स्नान का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।सुबह से ही श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। स्नान के बाद भक्त दान-पुण्य, तर्पण और पूजा-अर्चना कर अपने जीवन को धन्य मान रहे हैं। घाटों पर मंत्रोच्चारण, घंटियों की ध्वनि और भजनों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया है।

About Author