दान और चढावे को पारदर्शी बनाने के लिए मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट ने बड़ा निर्णय लिया

अयोध्या और बदरीनाथ धाम में दान और चढ़ावे की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच हरिद्वार स्थित सिद्धपीठ मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है।मंदिर ट्रस्ट ने दान व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए सात सदस्यीय निगरानी समिति का गठन किया है। यह समिति दान और चढ़ावे पर निगरानी रखेगी।श्रद्धालुओं को दान की रसीद दी जाएगी। प्रतिदिन चढ़ावे और दान का हिसाब होगा। साथ ही तय किया गया कि मंदिर के पुजारी बिना जेब वाले वस्त्र पहनेंगे।साथ ही, चेतावनी दी गई कि चढ़ावे या दानराशि में किसी भी प्रकार की हेराफेरी करने वाला व्यक्ति सेवा से निष्कासित होने के साथ उसके विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने सोमवार को मंदिर परिसर में हुई बैठक में यह निर्णय लिया।उन्होंने कहा कि मनसा देवी मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां दान व्यवस्था में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। मंदिर प्रशासन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत हो।

About Author