कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर प्रशासन ने मेला क्षेत्र को 8 जोन और 30 सेक्टरो में विभाजित किया

कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 नवंबर को होने वाले स्नान पर्व पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।इसके तहत पूरे मेला क्षेत्र को 8 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित कर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 23 नवंबर को सुबह 10 बजे से 24 नवंबर को स्नान पर्व की समाप्ति तक सभी मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। हरकी पैड़ी, नाई सोता घाट, सुभाष घाट, बाईपास, खड़खड़ी, अपर रोड, सिंहद्वार और मनसा देवी मंदिर को जोन बनाया गया है। इनकी जिम्मेदारी क्रमशः हरि गिरि, मंजीत सिंह, आकाश जोशी, योगेश कुमार, गोपाल राम बिनवाल, अतुल प्रताप सिंह, खुशवंत सिंह चौहान और योगेश मेहरा को सौंपी गई है।स्नान पर्व के लिए बनाए गए 30 सेक्टरों में हरकी पैड़ी, मालवीय दीप, कांगड़ा पुल, नया संजय पुल, महिला घाट, सुभाष घाट, गौ घाट, मोती बाजार, बड़ा बाजार, कुशाघाट चौक, विष्णुघाट, पावन धाम, रोड़ी बेलवाला, पंतद्वीप, चंडी घाट, भीमगोड़ा, शिवमूर्ति, देवपुरा, ऋषिकुल, सिंहद्वार, बैरागी कैंप, रेलवे स्टेशन और मनसा देवी मंदिर सहित प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।

About Author