भाजपा प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में आएगी: प्रहलाद जोशी

केंद्रीय मंत्री और राज्य में भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने कहा है कि प्रदेश और देश की डबल इंजन की सरकार वरिष्ठजनों के आशीर्वाद से लगातार विकास कार्य कर रही है। वह शुक्रवार को हरिद्वार विधानसभा के ऋषिकुल मैदान में आयोजित वरिष्ठ जन सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ जनों के आशीर्वाद का ही फल है कि आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी है। जिस राजनीतिक दल को एक साथ एक विधानसभा के इतनी बड़ी संख्या में वरिष्ठ जनों का आशीर्वाद मिल रहा उसके लिए इससे बड़ी उपलब्धि क्या होगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में आ रही है। जोशी ने कहा कि बुजुर्गों को बेशक युवाओं की तरह कंप्यूटर और स्मार्ट फोन का ज्ञान न हो लेकिन जीवन के कठिन दौर में या समस्याओं का सामना करने में बुजुर्गों का अनुभव उनका सार्थक मार्गदर्शन करने में सक्षम है। संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री जोशी ने राहुल गांधी पर कई बार तंज कसे और कहा कि वह क्या बोल जाते हैं उन्हें खुद पता नहीं होता।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नगर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का आर्शीवाद कभी खाली नहीं जाता है। देश में जो भी परिवर्तन हो रहा है उसमें वरिष्ठ जनों के आर्शीवाद की ताकत शामिल रहती है। कौशिक ने कहा कि समारोह में उमड़ी भीड़ ने जो आर्शीवाद उन्हें दिया है वह आर्शीवाद भाजपा को मिला है। जिसके बूते हम एक ताकत के साथ खड़े होकर कठिन काम को पूरा करने में कोई संकोच नहीं करते। मोदी के कारण ही कश्मीर से धारा 370 हटाई गई तो श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य शुरु कराया गया। वे जानते हैं कि कांग्रेस में यह सब संभव नहीं था। कौशिक ने कहा कि आज हरिद्वार में भूमिगत गैस और बिजली लाईन बिछाई जा चुकी है। मेडिकल कालेज और रिंग रोड का शिलान्यास किया जा चुका है। फिर भी कांग्रेस आलोचन कर रही है। क्योंकि कांग्रेस के लिए यह सब सपने जैसा था। इस दौरान कौशिक ने कराए गए कामों को गिनाया भी। संचालन भाजपा जिला महामंत्री विकास तिवारी ने किया। कौशिक आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने वरिष्ठ जन सम्मान समारोह में प्रस्तुतिायां दीं।

About Author