बड़ी उपलब्धि देश में 75 फ़ीसदी वयस्क आबादी को लगी कोविड वैक्सीन की दोनों डोज

कोरोना वायरस के खिलाफ जारी टीकाकरण अभियान में देश ने एक नया कीर्तिमान दर्ज किया है। जनवरी, 2021 से शुरू हुए वैक्सीनेशन कार्यक्रम के तहत अब तक भारत ने अपनी 75 फीसदी वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है।

ये खुशखबरी रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर दी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मांडविया के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए देश को इस उपलब्धि की बधाई दी।

पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, सभी वयस्कों में से 75 फीसदी आबादी का पूर्ण टीकाकरण किया जा चुका है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हमारे देशवासियों को बधाई। उन सभी पर गर्व है जो हमारे टीकाकरण अभियान को सफल बना रहे हैं।

रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि कोरोना वायरस के खिलाफ शुरू किए गए टीकाकरण अभियान के तहत देश की 75 फीसदी वयस्क आबादी अब डबल वैक्सीनेटेड हो चुकी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘सबका साथ, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ, भारत ने अपनी 75% वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। कोरोना से लड़ाई में हम निरंतर मज़बूत हो रहें है। हमें सभी नियमों का पालन करते रहना है और जल्द से जल्द वैक्सीन लगवानी है।

About Author