कनखल क्षेत्र में बुधवार देर रात गोली चलने से अचानक अफरा-तफरी मच गई। फुटबॉल ग्राउंड के पास एक युवक को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जमालपुर कलां निवासी सचिन कश्यप बुधवार देर रात किसी काम से कनखल क्षेत्र के फुटबॉल ग्राउंड के पास गया था। इसी दौरान कुछ युवक और एक युवती बाइक पर वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि अचानक किसी ने पीछे से गोली चला दी, जो सचिन की जांघ में जा लगी।गोली लगते ही सचिन लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उसे पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

More Stories
नवरात्रि पर्व पर खाद्य सुरक्षा विभाग एक्शन मोड में दिखा
गैस एजेंसी का वीडियो वायरल होने पर कारण बताओं नोटिस जारी किया गया
ज्वालापुर पुलिस ने सम्मोहित कर लोगों को ठगने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया