महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद गिरी महाराज के निधन से संत समाज में शोक की लहर

निर्माण पीठाधीश्वर एवं महानिर्वाणी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज का शनिवार को दिल्ली में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही संत समाज और आध्यात्मिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई ।उनके निधन के चलते हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों के तहत एक दिसंबर को भैरव अष्टमी पर प्रस्तावित श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के भूमि पूजन कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। वहीं, जूना अखाड़े ने अपने प्रमुख मठों, मंदिरों और आश्रमों में तीन दिन तक सभी धार्मिक आयोजन और समारोह स्थगित करने का निर्णय लिया है। जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि ब्रह्मलीन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज की स्मृति में अखाड़े के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर तीन दिन तक विशेष पूजा-अर्चना, शांति पाठ और हवन किया जाएगा।

इन आयोजनों के माध्यम से दिवंगत संत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी। शनिवार को ग्वालियर में सिंध नदी के तट पर स्थित भुवनेश्वर महादेव मंदिर में श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के संयोजन में संतों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विभिन्न आश्रमों के महामंडलेश्वर, वरिष्ठ संत-महात्मा और नागा संन्यासी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत संत के आध्यात्मिक योगदान को याद करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

About Author