यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। बीएचईएल, सिडकुल, बहादराबाद और रोड़ी बेलवाला समेत विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान विभागीय टीमों ने 187 वाहनों के चालान किए, जबकि सात वाहनों को सीज कर दिया।

संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई तेज गति और हेलमेट संबंधी उल्लंघनों पर हुई। तेज रफ्तार से वाहन चलाने पर 68 चालान किए गए, जबकि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और हेलमेट संबंधी अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 70 चालान किए गए।

इसके अलावा बिना वैध परमिट वाहन संचालन, परमिट की शर्तों का उल्लंघन, ओवरलोडिंग, वाहनों में अनधिकृत बदलाव और प्रदूषण मानकों की अनदेखी करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन कर से संबंधित अनियमितताएं मिलने पर भी चालान किए गए।

About Author