कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को तय समयसीमा में पूरा कराने और विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की गुणवत्ता व प्रगति पर लगातार नजर रखने के लिए प्रशासन ने 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया है।मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर यह कंट्रोल रूम जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, रोशनाबाद में संचालित होगा।
कंट्रोल रूम के संचालन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत को नोडल अधिकारी तथा उप मेलाधिकारी कुंभ मेला-2027 आकाश जोशी को अनुश्रवण अधिकारी बनाया गया है। वहीं, कुंभ मेला तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता को कंट्रोल रूम से प्राप्त होने वाली निरीक्षण रिपोर्टों के संकलन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कंट्रोल रूम के माध्यम से कुंभ से जुड़े निर्माण और अन्य कार्यों की प्रतिदिन प्रथम और द्वितीय पाली में अद्यतन निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के साथ प्रगति, गुणवत्ता और मौके की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

More Stories
जिलाधिकारी ने स्वच्छता को लेकर बहादराबाद ब्लॉक के 6 ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की
धामी सरकार की कैबिनेट बैठक 12 अक्टूबर को हरिद्वार में आयोजित होगी
एसएसपी ने पुलिस क्षेत्राधिकारियों के सर्किल में बड़ा फेरबदल किया