गंगनहर में अचानक जलस्तर बढ़ने से निर्माणाधीन घाटों की सुरक्षा को लेकर समस्या हुई

अर्द्धकुंभ की तैयारियों के बीच गंगनहर में अचानक बढ़ाए गए पानी ने निर्माणाधीन घाटों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार सुबह उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से करीब 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद ऋषिकुल पुल से ज्वालापुर तक निर्माणाधीन कई घाटों तक पानी पहुंच गया।सामान्य दिनों में करीब पांच से साढ़े पांच हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने की बात सामने आ रही है। अचानक लगभग दोगुना पानी आने से निर्माण एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

अर्द्धकुंभ के मद्देनजर ऋषिकुल पुल से ज्वालापुर तक कई स्थानों पर घाटों का निर्माण तेजी से चल रहा है। इन्हें नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। ऐसे में निर्माण स्थलों तक पानी पहुंचने से जहां बुधवार को काम प्रभावित हुआ, वहीं निर्माण सामग्री और तैयार हो चुके हिस्सों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है ।जलस्तर बढ़ने के बाद कई निर्माणाधीन घाटों पर पानी पहुंच गया। अब पानी कम होने के बाद निर्माण स्थलों को दोबारा व्यवस्थित करना और प्रभावित हिस्सों में काम शुरू करना निर्माण एजेंसियों के लिए चुनौती होगा। यदि जलस्तर लंबे समय तक बढ़ा रहा तो निर्माण कार्यों की रफ्तार प्रभावित होने के साथ नवंबर की समयसीमा पर भी असर पड़ सकता है।

About Author