हरकी पैड़ी पर मुल्तान जोत महोत्सव धूमधाम से मनाया गया

धर्मनगरी हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर रविवार को मुल्तान जोत महोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गंगा जी के साथ दूध की होली खेली और एक सप्ताह से प्रज्ज्वलित पवित्र ज्योत को भव्य शोभायात्रा के साथ गंगा में विसर्जित किया।

अखिल भारतीय मुल्तान संगठन के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नागपाल के नेतृत्व में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में मुल्तानी समाज के लोग हरिद्वार पहुंचे थे। श्रद्धालु बाल्टियों में दूध लेकर हरकी पैड़ी पर एकत्र हुए और पिचकारियों में दूध भरकर मां गंगा के साथ होली खेली। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए घाटों पर भारी भीड़ उमड़ी रही।महोत्सव के लिए पूरे हरिद्वार, विशेषकर हरकी पैड़ी क्षेत्र को आकर्षक रूप से सजाया गया था। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में विशेष प्रकाश व्यवस्था, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा माहौल दीपावली जैसा नजर आया। इस वर्ष आयोजकों ने बिजली की नई तकनीक का प्रयोग कर विशेष ज्योत तैयार की थी, जिसे विधि-विधान के साथ गंगा को अर्पित किया गया।

About Author