पारिवारिक क्लेश के चलते महिला ने आत्महत्या करने की कोशिश की

पारिवारिक कलह से परेशान होकर दिल्ली की एक महिला ने हरिद्वार में आत्महत्या का प्रयास कर सनसनी फैला दी।कनखल थाना क्षेत्र स्थित प्रेमनगर फ्लाईओवर से देर रात करीब 30 फीट नीचे छलांग लगाने से महिला गंभीर घायल हो गई।घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची व महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

पुलिस के अनुसार घायल महिला दिल्ली की रहने वाली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसका अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह करीब दो दिन पहले घर छोड़कर हरिद्वार पहुंची थी।शनिवार देर रात महिला प्रेमनगर फ्लाईओवर पर पहुंची और अचानक नीचे सर्विस लेन की ओर छलांग लगा दी। महिला के गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।अस्पताल में जांच के दौरान महिला के हाथ और कूल्हे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बताते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

About Author