मुख्यमंत्री धामी ने शहरी व ग्रामीण निकायो समेत कुंभ मेले के लिए 1096 करोड रुपए की राशि स्वीकृत की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के आधारभूत ढांचे के विकास, शहरी एवं ग्रामीण निकायों समेत कुंभ मेले के लिए 1,096 करोड़ रुपये की राशि को स्वीकृति दी।मुख्यमंत्री ने छठवें राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत सभी शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम त्रैमासिक किस्त के लिए 328.27 करोड़, तीन गैर निर्वाचित निकायों को प्रथम छमाही किस्त के लिए तीन करोड़ जारी करने की स्वीकृति दी।इस प्रकार शहरी निकायों को 331.27 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं को भी बड़ी सौगात दी गई है। जिला पंचायतों को प्रथम त्रैमासिक किस्त के रूप में 82.20 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को प्रथम छमाही किस्त के 75.46 करोड़ तथा ग्राम पंचायतों को 194.61 करोड़ जारी करने की मंजूरी दी गई ।

वहीं पंचायत संस्थाओं के लिए कुल 352.27 करोड़ स्वीकृत किए गए। नैनीताल के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में कोटाबाग के पतलिया स्थित गुरूणी नाले पर पुल निर्माण के लिए 9.43 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

विकासखंड रामगढ़ के मोहन बाजार मुक्तेश्वर में कार पार्किंग निर्माण के लिए 9.89 करोड़ की स्वीकृति देते हुए प्रथम किस्त के रूप में 3.95 करोड़ जारी करने का अनुमोदन प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रारंभिक शिक्षा के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के कार्मिकों के वेतन भुगतान के लिए 160 करोड़ में से प्रथम किस्त के रूप में 80 करोड़ जारी करने की मंजूरी दी है।

इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत अप्रैल से सितंबर, 2026 की अवधि के लिए 300 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन प्रदान किया। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

हरिद्वार में शंकराचार्य चौक, देवपुरा चौक, चंद्राचार्य चौक और आर्यनगर चौक के आंतरिक मार्गों तथा बैरियर से गुगाल मंदिर मार्ग के नवीनीकरण कार्य के लिए 6.44 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम, शिव मूर्ति चौक और झंडा चौक के जंक्शन सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 6.83 करोड़ तथा डीजल संचालित सेल्फ प्रोपेल्ड वैक्यूम आधारित ईवी रोड स्वीपिंग मशीनों की आपूर्ति और कमीशनिंग के लिए 5.95 करोड़ की धनराशि जारी करने का अनुमोदन दिया गया।

About Author