हरिद्वार में बुधवार सुबह गंगा स्नान करते समय गुजरात के दो बच्चे गंगा में डूब गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों को अचेत अवस्था में गंगा से बाहर निकाल लिया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, विपुल भाई पवार निवासी ग्राम बाजीपुरा थाना वलोड जिला तापी गुजरात अपने परिवार के साथ हरिद्वार गंगा स्नान करने के लिए आए थे। बुधवार को परमार्थ घाट के समीप संतमत घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी बीच अचानक विपुल भाई की बेटी प्रत्यूषा (13), बेटा दर्श (6) गंगा की तेज बहाव में बहने लगे। बच्चों को बहता देख परिवार ने शोर मचा दिया। इसके बाद परिवार के साथ ही घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। दोनों बहकर लापता हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही सप्तऋषि चौकी प्रभारी आशीष नेगी टीम के साथ मौके पर पहुंची। जल पुलिस की टीम के साथ सर्च अभियान शुरू किया गया। कुछ देर बाद ठोकर नंबर-13 के पास पानी से बेसुध अवस्था में दोनों मासूमों को बाहर निकालकर तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवया गया।जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।परिवार दो दिन पहले ही हरिद्वार गंगा स्नान के लिए आया था।

More Stories
मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत हरिद्वार में जनपद स्तरीय चयन ट्रायल शुरू हुए
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया
ज्वालापुर क्षेत्र में लगातार बिजली ट्रिपिंग से लोगों की परेशानी बढी