वीकेंड पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने से शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। शनिवार को सुबह से ही हरकी पैड़ी और प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि शहर की प्रमुख पार्किंगें वाहनों से पूरी तरह भर गईं।पंतद्वीप और दीनदयाल पार्किंग के फुल होने के बाद पुलिस को वाहनों को वैकल्पिक स्थानों पर भेजना पड़ा। शहर में बढ़ती भीड़ का असर यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। चंडी चौक फ्लाईओवर से लेकर भूपतवाला तक दिनभर वाहनों का दबाव बना रहा। हाईवे और संपर्क मार्गों पर कई स्थानों पर रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनी रही।
हरकी पैड़ी, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और बाजार क्षेत्रों में भी भारी भीड़ के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वीकेंड और चारधाम यात्रा सीजन के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के अनुसार शनिवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों और बसों से हरिद्वार पहुंचे। इसके चलते शहर में वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया। चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वालों की संख्या में भी तेजी देखने को मिली। एक दिन में नौ हजार रजिस्ट्रेशन हो रहे है, जबकि पिछले दिनों पांच से सात हजार रजिस्ट्रेशन हो रहे थे। ऋषिकुल और अन्य पंजीकरण केंद्रों पर यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की। प्रमुख चौराहों और पार्किंग स्थलों पर पुलिसकर्मी वाहनों का संचालन कराते नजर आए। हालांकि दोपहर बाद भीड़ बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही।

More Stories
मुख्यमंत्री धामी ने शहरी व ग्रामीण निकायो समेत कुंभ मेले के लिए 1096 करोड रुपए की राशि स्वीकृत की
भेल सेक्टर -4 में हरिद्वार का पहला फूड, आर्ट एंड शॉपिंग फेस्टिवल महोत्सव आयोजित किया जाएगा
मिड-डे मील बनाते समय प्रेशर कुकर फटने से अफरा तफरी मची