हरिद्वार में राजस्थान के यात्रियों की बस पलटी एक महिला की मौत

हरिद्वार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए. हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र में सप्तऋषि चौकी के सामने स्थित श्रीराम पंजाबी ढाबे के पास हाईवे कट पर हुआ.दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस तथा स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के नागौर जिले से आए करीब 45 श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे थे. श्रद्धालु भूपतवाला स्थित घांची धर्मशाला में ठहरे हुए थे. उनके समूह में तीन बसें शामिल थीं और स्नान के बाद सभी यात्री वापस लौट रहे थे.इसी दौरान एक बस धर्मशाला से निकलकर सर्विस लेन के रास्ते हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी. तभी देहरादून से हरिद्वार की ओर आ रहे एक डंपर ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई.हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची.पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को जिला मेला अस्पताल और महिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया. घायलों में 30 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बालिकाएं शामिल हैं. सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है.इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई. मृतका के शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखा गया है. पुलिस ने हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और डंपर चालक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.

About Author