हरिद्वार। सप्तऋषि क्षेत्र में बस और डंपर की टक्कर में एक महिला की मौत के बाद मंगलवार को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया।दोनों नेताओं ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे से हुई क्षति का जायजा लिया और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन्हें दुर्घटना के कारणों, राहत कार्यों और यातायात व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया। डॉ. निशंक और दर्जाधारी राज्य मंत्री जमदग्नि ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान सीओ सिटी, ट्रैफिक पुलिस, सप्तऋषि चौकी प्रभारी, परिवहन विभाग, तहसीलदार हरिद्वार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि सोमवार को सप्तऋषि क्षेत्र में बस और डंपर की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए थे।

More Stories
जिला चिकित्सालय में नवनियुक्त प्रमुख अधीक्षक का स्वागत किया गया
हरिद्वार ग्रामीण और ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के सभी BLO व BLA को प्रशिक्षण दिया गया
हरिद्वार में राजस्थान के यात्रियों की बस पलटी एक महिला की मौत