जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं टीकाकरण अभियान को लेकर समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। यह गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर है, जिसकी रोकथाम के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। यह टीका 14 वर्ष तक की बालिकाओं को अनिवार्य रूप से लगाया जाना है, जो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 22,471 बालिकाओं को वैक्सीन लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। भारत सरकार द्वारा शीघ्र ही टीकाकरण कार्यक्रम प्रस्तावित किया जाना है। अभियान को सफल बनाने के लिए बाल विकास, समाज कल्याण, शिक्षा, श्रम, पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन विभागों के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सर्वाइकल कैंसर के प्रति जनपदवासियों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं में बढ़ रहे संक्रमण की रोकथाम के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर से बैठकें एवं कार्यशालाएं आयोजित करें।

More Stories
40वी वाहिनी पीएसी में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ
एआरटीओ ने खुद आमजन बनकर ई रिक्शा में सफर कर अनियमितताओं पर कार्रवाई की
हरिद्वार जनपद की सभी ग्राम पंचायतो में विशेष फाइनेंशियल कैंप आयोजित किये जाएंगे