वेतन ना मिलने से कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार

नगर निगम क्षेत्र से कूड़ा उठान करने वाली कासा ग्रीन कंपनी के कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन न मिलने से नाराज होकर कार्य बहिष्कार कर दिया। काम ठप कर कर्मचारी कंपनी के गैराज के बाहर धरने पर बैठ गए।

शनिवार तक वेतन देने के आश्वासन पर कर्मचारी मान गए और कार्य बहिष्कार खत्म कर काम पर लौट गए।
नगर निगम के 60 वार्डों से कूड़ा उठाने का काम कासा ग्रीन और केएल मदान कंपनी करती है। नगर निगम से भुगतान न मिलने से कंपनी की ओर से करीब 150 कर्मचारियों को तीन महीने से वेतन नहीं मिल पाया। इससे नाराज होकर बुधवार को कर्मचारी काम बंद कर टाउन हॉल के पास कंपनी के गैराज के बाहर धरने पर बैठ गए। कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेजाबी कर रोष जताया। कर्मचारी एकत्र होकर नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती से मिलने पहुंचे। वहां कुछ बात नहीं बन पाई। इसके बाद नगर निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने म्युनिसिपल बोर्ड कर्मचारी यूनियन मायापुर कार्यालय में बुलाकर कर्मचारियों की समस्या जानी और कंपनी प्रबंधक से वार्ता की। कंपनी की ओर से शनिवार तक वेतन देने का आश्वासन दिया गया। दो महीने का वेतन शनिवार और शेष एक महीने का एक सप्ताह के अंदर भुगतान करने पर सहमति बनी। इसके बाद कर्मचारी काम पर लौट गए। इस दौरान श्रमिक नेता मुरली मनोहर, सुरेंद्र तेश्वर, राजेंद्र श्रमिक, मुकुल जोशी, अशोक गुप्ता, प्रदीप त्यागी आदि मौजूद थे।

About Author