हरिद्वार में हो रही बेमौसम बारिश ने बनाया नया रिकॉर्ड

बेमौसम बारिश ने हरिद्वार में मई माह की शुरुआत में ठंड का नया रिकॉर्ड बना दिया है। 22 मिलीमीटर बारिश होने से अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।अधिकतम तापमान में 1981 के बाद पहली बार इतनी गिरावट दर्ज हुई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के हिसाब से आगामी एक-दो दिनों तक बूंदाबांदी होगी। दो दिनों में बारिश अधिक हुई तो इसका भी रिकार्ड बनने के आसार हैं। तापमान गिरने से कूलर बंद हो गए हैं। पंखों की स्पीड भी कम हो गई है। आमतौर पर मई माह की शुरुआत में हरिद्वार में अधिकतम तापमान 34 डिग्री से न्यूनतम 26 डिग्री तक रहता है।जून में सबसे अधिक गर्मी होने पर अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 से 28 डिग्री तक रहता है। जुलाई में मानसून की बारिश होने पर अधिकतम तापमान गिरकर 34 डिग्री आ जाता है, लेकिन उमस होने से न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास बना रहता है। अगस्त से धीरे-धीरे तापमान गिरता है। नवंबर से फरवरी तक ठंड रहती है। जनवरी में सबसे अधिक ठंड होती है।

फरवरी से तापमान में वृद्धि होने लगती है। फरवरी के दूसरे पखवाड़े से अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 17 से 18 डिग्री आ जाता है, लेकिन अबकी मई में फरवरी जैसा तापमान है। मौसम के करवट बदलते ही हरिद्वार में पहली मई में तापमान गिरने से नया रिकार्ड बना है। मौसम विभाग रुड़की के पास 1981 के बाद से तापमान का रिकार्ड कंप्यूटराइज्ड है।

About Author