खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सिडकुल क्षेत्र में खुले कुट्टू के आटे की बिक्री और सप्लाई के खिलाफ

सिडकुल क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को खुले कुट्टू के आटे की बिक्री और सप्लाई के खिलाफ कार्रवाई की।महादेवपुरम और शिवम विहार कॉलोनी स्थित दो प्रतिष्ठानों से आटे के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। वहीं, टीम ने मौके पर कुल 13 किलो खुला कुट्टू का आटा नष्ट कराया।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर खाद्य प्रतिष्ठानों और सप्लाई वाहनों की जांच की। महादेवपुरम स्थित शैलेष प्रोविजन स्टोर में बिक्री के लिए रखा खुला कुट्टू का आटा मिला। आटे के बैग पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। टीम ने नमूना लेने के बाद शेष पांच किलो आटा नष्ट करा दिया। जांच के दौरान ई-रिक्शा चालक हर्षित अवस्थी को प्लास्टिक बैग में आठ किलो खुला कुट्टू का आटा सप्लाई करते पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि आटा शिवम विहार कॉलोनी के काला गेट स्थित महादेव ट्रेडर्स से लाया गया था। टीम चालक को साथ लेकर प्रतिष्ठान पहुंची और जांच की। यहां से भी आटे का नमूना लिया गया। शेष आठ किलो आटा गड्ढे में दबाकर नष्ट कराया गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने और निर्माण व एक्सपायरी तिथि अंकित किए बिना खुले कुट्टू के आटे की बिक्री के मामले में दोनों कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी है।

About Author