अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिका सशक्तीकरण और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनूठी पहल की गई। रिलैक्सो फुटवियर्स लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत संचालित परिवर्तन आदर्श विद्यालय परियोजना की सहयोगी संस्था ममता-एचआईएमसी की ओर से पाँच बालिकाओं को एक दिन के लिए हरिद्वार का जिलाधिकारी बनाया गया।
इस दौरान बालिकाओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा और जनसुनवाई में भाग लेकर लोगों की समस्याएँ सुनीं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यक्रम के तहत पाँच बालिकाओं को यह अवसर प्रदान किया। बालिकाओं ने अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता के साथ जनसुनवाई में भाग लिया और विभिन्न समस्याओं पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।इसके बाद उन्होंने अपर जिलाधिकारी के साथ अपने अनुभव साझा किए। बालिकाओं ने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इन अनुभवों को साझा कर बालिका शिक्षा और लैंगिक समानता के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी।
अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने बालिकाओं को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने और समाज में प्रेरणादायक उदाहरण बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद पाँचों बालिकाओं ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के साथ जिला आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने आपदा नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली तथा आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय की जानकारी प्राप्त की। रिलैक्सो की ओर से अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में साप्ताहिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

More Stories
युवक ने मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा किया
हरिद्वार में आयोजित धामी सरकार की कैबिनेट बैठक में 13 प्रस्तावो को मंजूरी मिली
मुख्यमंत्री धामी ने कैबिनेट मंत्रियों के साथ हरकी पौड़ी पर गंगा पूजन किया