हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित कबीर कुटीर घाट पर रविवार को गंगा का जलस्तर बढ़ने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नदी में स्नान कर रहे 21 लोग बीच धारा में बने टापू पर फंस गए। ये सभी यात्री थे और हरिद्वार घूमने आए थे।सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन, नगर कोतवाली पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के अनुसार, कबीर कुटीर घाट के पास गंगा के बीच बने टापू पर कुछ लोग स्नान कर रहे थे। तभी अचानक जलस्तर बढ़ गया और टापू चारों ओर से पानी से घिर गया।
देखते ही देखते वहां मौजूद लोग फंस गए और बाहर निकलना मुश्किल हो गया। लोगों की सांस गले में अटक गई। इस बीच पुलिस को सूचना दी गई तो चौकी इंचार्ज सप्तऋषि दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ जल पुलिस भी बोट और आवश्यक आपदा राहत उपकरणों के साथ पहुंची। टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित किनारे तक लाया गया। रेस्क्यू किए गए लोगों में 10 पुरुष, सात महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। ये सभी लोग दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के रहने वाले हैं, जो हरिद्वार घूमने आए थे और गंगा स्नान के दौरान इस स्थिति में फंस गए।एसपी सिटी अभय सिंह ने इस घटना के बाद लोगों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय जलस्तर और बहाव का विशेष ध्यान रखें। नदी के बीच बने टापू या गहरे स्थानों पर जाने से बचें, क्योंकि अचानक जलस्तर बढ़ने से जान का खतरा हो सकता है। इसके साथ ही प्रतिबंधित क्षेत्र में भी गंगा स्नान न करने की अपील की है।

More Stories
धर्मनगर में पर्यटकों की भारी भीड़ से कई किलोमीटर लंबा जाम लगा
पारिवारिक क्लेश के चलते महिला ने आत्महत्या करने की कोशिश की
जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा