कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में मंत्री कैड़ा ने अवस्थापना विकास, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, घाटों के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधा-सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश देते हुए कैड़ा ने कहा कि कुंभ मेला-2027 राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सभी कार्य तय समयसीमा में पूरी गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। कार्यों में लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। गुणवत्ता में कमी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। आगामी मानसून को देखते हुए कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने कहा कि सभी विभाग मौसम संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखकर कार्ययोजना तैयार करें। कुंभ से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग होगी। वे स्वयं नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

More Stories
हरिद्वार में जिलाधिकारी के निर्देशन में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया
नीट परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई