विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरिद्वार जनपद में चल रही हरित हरिद्वार मुहिम को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सिडकुल स्थित लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम में जनपद को हराभरा बनाने और वृक्षारोपण को जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया गया।
जिलाधिकारी ने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और संवर्धन की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए यदि कहीं पेड़ों का कटान होता है तो उसकी भरपाई के लिए उससे अधिक संख्या में पौधे लगाए जाने चाहिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि हरिद्वार को हराभरा बनाने के उद्देश्य से गिवमीट्रीज ट्रस्ट और इंडो एशियन कंपनी के सहयोग से सिडकुल क्षेत्र में लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित किया गया है। पार्क में लगभग 9 हजार पौधों का रोपण किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र की जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि वे खाली पड़ी भूमि को विकसित कर वृक्षारोपण करें और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

More Stories
कावड़ मेले में जल संस्थान 54 ट्रैक्टर टैंकरों से पेयजल पूर्ति करेगा
जिला अस्पताल में डॉ. राजेश गुप्ता ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक का कार्यभार संभाला
ध्वनि प्रदूषण को लेकर जिला प्रशासन ने धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाने के लिए अभियान चलाया