निर्जला एकादशी पर्व को लेकर प्रशासन ने यातायात प्लान लागू किया

निर्जला एकादशी के अवसर पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. गंगा स्नान के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों लोग हरिद्वार पहुंचते हैं. ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए उत्तराखंड पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है.पुलिस के अनुसार, यदि शहर में वाहनों का दबाव अधिक बढ़ता है तो भारी वाहनों को राज्य की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा. वहीं नगला इमरती से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग और होल्डिंग एरिया में भेजा जाएगा. यहां से ट्रैफिक की स्थिति सामान्य होने पर वाहनों को आगे जाने की अनुमति मिलेगी. ऋषिकेश की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए चीला मार्ग को केवल निकासी मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा. सामान्य स्थिति में वाहन गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन, सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक के रास्ते हरिद्वार में प्रवेश कर सकेंगे.

प्रशासन ने कुछ महत्वपूर्ण मार्गों पर विशेष प्रतिबंध लगाए हैं. ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक ऑटो, विक्रम, टैक्सी और अन्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. 24 जून की रात 10 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. इसी अवधि में बसों, ट्रैक्टरों और बड़े वाहनों को चमगादड़ टापू पार्किंग क्षेत्र में भेजा जाएगा. इसके अलावा 25 जून की सुबह 3 बजे से दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा.

About Author