उत्तराखंड के एक कैबिनेट मंत्री खजान दास के बेटे की शादी समारोह रविवार (26 अप्रैल) को लेकर राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज में भारी विवाद खड़ा हो गया है। हरिद्वार स्थित सुरेश्वरी देवी मंदिर, जो कि टाइगर रिजर्व के अति-संवेदनशील ‘कोर जोन’ में आता है, वहां रविवार रात प्रस्तावित विवाह के लिए की जा रही भव्य तैयारियों ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।वन क्षेत्र में भारी तैयारियों की खबर सामने आने के बाद टाइगर रिजर्व प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
शनिवार को पूरा दिन मंदिर परिसर में उत्सव जैसी तैयारियां चलती रहीं। नियमों के मुताबिक, इस क्षेत्र में केवल सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति है, लेकिन शनिवार को ट्रकों के जरिए भारी मात्रा में टेंट, कुर्सियां, लाइटें और अन्य सजावटी सामग्री पार्क के भीतर पहुंचाई गई। हैरानी की बात यह है कि टाइगर रिजर्व के प्रवेश गेट पर तैनात कर्मचारियों ने इन भारी वाहनों को नहीं रोका, जबकि वहां हर आने-जाने वाले की सख्त चेकिंग का प्रावधान है। पीसीसीएफ (हॉफ) रंजन मिश्र ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर समिति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर गेट पर तैनात स्टाफ की मिलीभगत थी या किसी बड़े राजनीतिक दबाव में नियमों को शिथिल किया गया।
रविवार को जब मामला सार्वजनिक चर्चा में आया तो वन विभाग और पार्क प्रशासन सक्रिय हुआ। तत्काल पार्क का गेट बंद किया गया और मंदिर परिसर में लगाए गए पंडाल व अन्य व्यवस्थाएं हटवा दी गईं। राजाजी टाइगर रिजर्व के वार्डन अजय लिंगवाल ने बताया कि संरक्षित क्षेत्र में इस तरह के आयोजनों की अनुमति नहीं दी जाती। बिना स्वीकृति शादी की तैयारियां की जा रही थीं, जिन्हें सूचना मिलते ही हटवा दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब केवल पारंपरिक पूजा और विवाह की रस्में सीमित रूप में ही संपन्न होंगी।

More Stories
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य द्विशताब्दी समारोह का आयोजन हुआ
जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग बैठक कर विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया
जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव हुआ