सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की रिकॉर्डतोड़ भीड़ ने हरिद्वार की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह पटरी से उतार दिया। शनिवार से शुरू हुआ जाम सोमवार को भी जारी रहा। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कई स्थानों पर वाहनों की सात किलोमीटर तक लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि शहर की अंदरूनी सड़कें भी घंटों जाम से जूझती रहीं।हालात ऐसे रहे कि हजारों श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी से करीब पांच किलोमीटर पहले ही अपने वाहन खड़े कर पैदल घाटों तक पहुंचना पड़ा।
रोड़ीबेलवाला क्षेत्र एक बार फिर ट्रैफिक दबाव का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा, जहां पिछले 15 वर्षों से हर बड़े स्नान पर्व पर जाम की समस्या बनी हुई है। सोमवती अमावस्या और पुरुषोत्तम मास के समापन के संयोग के चलते इस बार श्रद्धालुओं की संख्या प्रशासन के अनुमान से कहीं अधिक रही। रविवार देर रात से ही दिल्ली, देहरादून और नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने लगा था, जो सोमवार सुबह चरम पर पहुंच गया। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर प्रेमनगर घाट फ्लाईओवर से लेकर शंकराचार्य चौक और रोड़ीबेलवाला तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई स्थानों पर लोगों को एक किलोमीटर की दूरी तय करने में एक घंटे से अधिक समय लगा। अलकनंदा घाट से चंडीघाट की ओर जाने वाली सर्विस लेन पर भी चारपहिया और दोपहिया वाहन रेंगते नजर आए। रोड़ीबेलवाला चौकी के पास फ्लाईओवर से उतरने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने से ऋषिकेश की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। चंडीघाट से बैरागी कैंप को जोड़ने वाली सर्विस लेन पर भी कई बार यातायात पूरी तरह थम गया। शंकराचार्य चौक से ऋषिकेश की ओर जाने वाले हाईवे मार्ग पर दिनभर दबाव बना रहा। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हरिलोक तिराहे और आसपास के क्षेत्रों में अपने वाहन खड़े किए और पैदल हरकी पैड़ी की ओर रवाना हुए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। करीब सात किलोमीटर लंबा जाम हरिद्वार हाईवे पर नजर आया। सिंहद्वार से लेकर भूपतवाला तक जाम लगा रहा था।

More Stories
हरिद्वार में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए मंत्री सतपाल महाराज ने दो जगह चिन्हित की
मेलाधिकारी ने केंद्रीय नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन और निगरानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया
मेयर ने नालों की साफ सफाई कार्यो का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए