मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार के हरिद्वार में अधिकारियों के साथ बैठक कर कुम्भ मेला की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कुंभ मेले के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।कुंभ से जुड़े कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में सड़कों, पुलों, सुरक्षा, पेयजल और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित डामकोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले के सफल आयोजन में धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, साधु-संतों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग महत्वपूर्ण रहेगा। सभी हितधारकों के साथ समन्वय बनाकर कुंभ मेले को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुंभ से जुड़े कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और प्रस्तावित योजनाओं की स्वीकृतियां शीघ्र जारी की जाएंगी।समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात और पार्किंग से जुड़े स्थायी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए कार्यों के क्रियान्वयन की रणनीति बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक से सुसज्जित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए कहा।मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर-2 भवन परियोजना को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा इसे शीघ्र वित्तीय स्वीकृति दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने डामकोठी अतिथिगृह के विस्तार के भी निर्देश दिए।
उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन की दृष्टि से खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल से संबंधित योजनाओं को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके अलावा ऋषिकेश और मुनीकीरेती सहित कुंभ क्षेत्र के सभी सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, स्वच्छता तथा सीवरेज प्रबंधन के कार्यों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

More Stories
तेज आंधी-तूफान और बारिश ने किसानों की चिंताएं बढाई
ज्वालापुर क्षेत्र में पेड़ गिरने से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हुई
बहादराबाद क्षेत्र में फैक्ट्री में आग लगने से अफरा तफरी मची