ज्वालापुर क्षेत्र में लगातार बिजली ट्रिपिंग से लोगों की परेशानी बढी

ज्वालापुर की प्रथम डिविजन में लगातार बिजली ट्रिपिंग ने करीब 20 हजार की आबादी की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले एक महीने से दिन में कई बार 10 मिनट से एक घंटे तक बिजली गुल हो रही है।बुधवार को पांच बार बिजली बाधित होने से लोग बेहाल रहे और बिजली पर निर्भर कारोबार प्रभावित हुए। बुधवार को उपकेंद्र ज्वालापुर की प्रथम सब डिविजन में लोग दिन में बिजली की आपूर्ति कई दफा ठप होने से बेहाल रहे। क्षेत्र में किसी भी समय बिना सूचना के बिजली सप्लाई बंद हो रही है। साथ ही फॉल्ट और मेंटिनेंस के लिए कई दफा बिजली ट्रिपिंग की जा रही है।

बिजली कटौती से लोगों के जरूरी काम प्रभावित हो रहे है। बिजली की आपूर्ति बाधित होने से फोटो कॉपी, कंप्यूटर संबंधित कार्य, कॉमन सर्विस सेंटर, वेल्डिंग, आटा चक्की, लेथ मशीन और अन्य बिजली से संचालित होने वाले कारोबार प्रभावित है। साथ ही बेकरी, मिठाई, जूस सेंटर, कंफेक्शनरी आदि के छोटे दुकानदारों को बड़ी दिक्कत हो रही है। सप्लाई बंद होने से दुकानदारों की मशीनें कई दफा बंद होती है। इस कारण मशीनों का मेंटीनेंस भी बढ़ता है। स्थानीय निवासी प्रदीप मदान, दीपक मदान, नितिन, निखिल, सोनल, अनुज, कमल, सचिन, पंकज आदि ने ऊर्जा निगम से क्षेत्र ने 24 घंटे बिजली की आपूर्ति सुचारू रखने की मांग की है। बताया कि लोधामंडी, मेहतान, पीठ बाजार क्षेत्र में सबसे ज्यादा समस्या उठानी पड़ रही है। वहीं ईई रवि कुमार ने बताया कि लोड बढ़ने के कारण फॉल्ट के मामले बढ़ रहे है।

About Author