सीएम पुष्कर सिंह धामी का विरोध करने पहुंचे कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेसी चार घंटे पुलिस लाइन में रहे। इस दौरान कांग्रेसियों की ओर से पुलिस से काफी गुथमगुत्थी भी हुई।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरकी पैड़ी के आसपास के बाजारों में जीएसटी बचत उत्सव में दुकानदारों को जीएसटी कम होने के फायदे बताने आए थे, उसी दौरान मुख्यमंत्री का विरोध करने के लिए जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमन गर्ग के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री धामी गो बैक, काॅरिडोर पर जवाब दो, जीएसटी की लूट का हिसाब दो के नारे लगाते हुए हरिद्वार मंडी चौक से हरकी पैड़ी की तरफ कूच करना शुरू कर दिया। इससे पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने एक-एक कर सभी कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस लाइन ले गए। जहां 12 बजे ले जाने के बाद करीब चार बजे छोड़ा गया। इस अवसर पर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि धामी सरकार पूरी तरह फेल हो गई है। लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं। सरकार तमाशबीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक धामी सरकार पेपर लीक मामले की हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच नहीं करती, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। कहा कि मुख्यमंत्री धामी जीएसटी छूट के नाम कर हरिद्वार की भोली-भाली जनता को गुमराह करने आ गए, लेकिन भाजपा की सरकारों की ओर से 2017 से अब तक जीएसटी के नाम पर देश की गरीब जनता से 127 लाख करोड़ की लूट की गई, उसका जवाब और हिसाब कौन देगा। कहा कि हरिद्वार कॉरिडोर पर भी धामी को हरिद्वार के व्यापारियों को जवाब देना होगा।

More Stories
शंकराचार्य के समर्थन में कांग्रेस पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस ने पदयात्रा निकाली
नितिन नवीन को भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने पर जिला कार्यालय में उत्सव का माहौल रहा
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया