खाद्य सुरक्षा विभाग ने दही-पनीर निर्माण फैक्ट्री को सीज किया

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कनखल थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर स्थित पनीर-दही की निर्माण इकाई ‘पुंडीर फैक्ट्री’ पर सोमवार देर रात छापेमारी की। संचालक फूड लाइसेंस नहीं दिखा पाया, जिसके बाद फैक्ट्री को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया।महाशिवरात्रि को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार छापेमारी कर रहा है। सोमवार देर रात इस अभियान का नेतृत्व उपायुक्त-गढ़वाल आरएस रावत ने किया। इस टीम में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार शामिल रहे। जांच के दौरान फैक्ट्री संचालक पानी की गुणवत्ता रिपोर्ट सहित कई दस्तावेज पेश नहीं कर सके।इस दौरान पथरी थाना पुलिस भी मौजूद रही। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे और डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलेभर में छापेमारी अभियान जारी रहेगा। हरिद्वार-बहादराबाद तक हो रही थी सप्लाई इब्राहिमपुर स्थित पुंडीर फैक्ट्री में तैयार किया जा रहा पनीर और दही हरिद्वार, बहादराबाद और आसपास के गांवों में सप्लाई किया जा रहा था। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने बताया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने के बाद फैक्ट्री में पनीर और दही के निर्माण पर तत्काल रोक लगा दी गई। 80 किलो पनीर, 50 किलो दही मौके पर नष्ट अफसरों के अनुसार, पुंडीर फैक्ट्री में करीब 80 किलोग्राम पनीर और 50 किलोग्राम दही मौके पर पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने फैक्ट्री संचालक को सारा स्टॉक तत्काल नष्ट करने के निर्देश दिए। इसके बाद फैक्ट्री संचालक ने मौके पर पनीर और दही नष्ट कराया। अधिकारियों ने साफ किया कि बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थों का निर्माण और भंडारण किसी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

About Author