पालतू कुत्ते को गाड़ी से कुचलने पर मुकदमा दर्ज हुआ

रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की टिहरी विस्थापित कालोनी में एक कार से कुचलकर पालतू कुत्ते की मौत हो गई।पीड़ित ने जानबूझकर कुत्ते को कुचलने का आरोप लगाते हुए कार सवार दंपती और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।वहीं, पशुओं के लिए काम करने वाली संस्था पेटा (पीपल फार द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स इंडिया) ने कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के मुताबिक, टिहरी विस्थापित कालोनी निवासी करन ने तहरीर देकर बताया कि बीते 11 अप्रैल को उनके सात महीने का पालतू कुत्ता घर के बाहर सड़क पर धूप सेंक रहा था।आरोप है कि तभी पड़ोस में सामने रहने वाले राजपाल निवासी गली नंबर चार टिहरी विस्थापित कालोनी ने अपनी कार से उसे कुचल दिया। कुछ देर तड़पने के बाद कुत्ते की मौत हो गई।सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने पर कार में एक महिला व दो पुरुष नजर आए। जानकारी लेने पर उनकी पहचान राजपाल व उसकी पत्नी प्रेमवती और कालोनी के ही एक अन्य युवक के रूप में हुई।

वहीं, इस मामले में पेटा इंडिया की क्रूरता प्रतिक्रिया समन्वयक ईशानी राठी ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि घटना के बार आरोपित घायल कुत्ते को देखने के लिए भी नहीं रुके। वीडियो में देखा जा सकता है कि चालक कार में बैठा रहा।

About Author